राजेन्द्र सिंह कासगंज
जनपद के समस्त मतदान केंद्रों पर प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे बीएलओ।
छूटे हुए एवं प्रथम बार युवा मतदाताओं के भरवाए जाएंगे फॉर्म-6, पात्र नागरिक उठाएं विशेष अभियान का लाभ।
कासगंज, 23 अक्टूबर 2026 (सू0वि0)। उप जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार गुप्ता द्वारा अवगत कराया गया है कि विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दिनांक 24 अक्टूबर 2026 (शनिवार) को जनपद में विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद की 100-कासगंज, 101-अमांपुर एवं 102-पटियाली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के समस्त मतदान स्थलों पर प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) एवं पदाभिहित अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
विशेष अभियान के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित पात्र नागरिकों तथा प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं के फॉर्म-6 भरवाना सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटवाने तथा आवश्यक संशोधन के लिए क्रमशः फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सुपरवाइजर द्वारा संबंधित मतदान स्थलों का भ्रमण कर विशेष अभियान की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जाएगा। साथ ही सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक प्रपत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि पात्र नागरिक ऑनलाइन माध्यम से भी भारत निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप एवं वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 भरकर आवेदन कर सकते हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार गुप्ता ने जनपद के समस्त पात्र नागरिकों, विशेषकर युवा मतदाताओं से अपील की है कि वे 24 अक्टूबर को आयोजित विशेष अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना सुनिश्चित करें, जिससे कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए।








