कासगंज में बीज विक्रेताओं के यहां छापेमारी, सात नमूने जांच के लिए भेजे

राजेन्द्र सिंह कासगंज

अभिलेख अधूरे मिलने पर पांच बीज विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस, किसानों को बिल देना अनिवार्य

कासगंज। किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने जनपद में बीज विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान बीज की गुणवत्ता जांचने के लिए सात नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे गए। वहीं, पांच बीज विक्रेताओं के अभिलेख अधूरे पाए जाने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद की तीनों तहसीलों में अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था। कासगंज तहसील में जिला कृषि अधिकारी और उपजिलाधिकारी सदर, सहावर तहसील में उप कृषि निदेशक और उपजिलाधिकारी सहावर तथा पटियाली तहसील में उपजिलाधिकारी पटियाली और अपर जिला कृषि अधिकारी के नेतृत्व में टीमों ने बीज विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

कार्रवाई के दौरान हरिहर सीड्स मोहनपुरा, मनाली सीड्स मोहनपुरा, बालाजी ट्रेडिंग कंपनी मोहनपुरा, कृष्णा खाद बीज भंडार अमांपुर रोड, कासगंज तथा मैसर्स आदित्य इंटरप्राइजेज, बरी बगवास, गंजडुंडवारा के अभिलेख अपूर्ण पाए गए। इस पर संबंधित विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान जिला कृषि अधिकारी ने बीज विक्रेताओं को निर्देश दिए कि वे बिक्री रजिस्टर, स्टॉक संबंधी अभिलेख, साइन बोर्ड और कैश मेमो सहित सभी जरूरी दस्तावेज अद्यतन रखें। साथ ही प्रत्येक किसान को बीज खरीदने पर अनिवार्य रूप से रसीद या बिल उपलब्ध कराएं।

प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराना और बीज बिक्री में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। प्रयोगशाला से नमूनों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद बीज की गुणवत्ता के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Comment

और पढ़ें