राजेन्द्र सिंह कासगंज
जिलाधिकारी प्रणय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था का लिया जायजा।
जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कराते रहे मतदान।
जनपद कासगंज में शिक्षक निर्वाचन में 65.92 प्रतिशत तथा स्नातक निर्वाचन में 61.25 प्रतिशत हुआ मतदान।
कासगंज, 23 अक्टूबर 2026 (सू0वि0)। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी प्रणय सिंह के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जनपद कासगंज के सभी 20 मतदान केंद्रों पर आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र (विधान परिषद) द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 का मतदान शुक्रवार को स्वतंत्र, निष्पक्ष, सकुशल एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
जनपद के समस्त मतदान केंद्रों पर प्रातः 08:00 बजे से मतदान प्रारम्भ हुआ तथा निर्धारित समय सायं 04:00 बजे तक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जनपद कासगंज का कुल मतदान प्रतिशत 65.92 प्रतिशत तथा आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल मतदान प्रतिशत 61.25 प्रतिशत रहा।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी प्रणय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर मतदान व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, कानून व्यवस्था, मतदान कार्मिकों की उपस्थिति तथा आदर्श आचार संहिता के अनुपालन की स्थिति का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने तथा मतदान प्रक्रिया में पूर्ण निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक पूरे दिन जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों पर भ्रमणशील रहकर मतदान कार्यों एवं शांति व्यवस्था की निगरानी करते रहे। साथ ही जनपद मुख्यालय पर स्थापित निर्वाचन कंट्रोल रूम से निरंतर संपर्क बनाए रखते हुए मतदान की प्रगति एवं व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त करते रहे।
निर्वाचन को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए नियुक्त जोनल मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट भी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहे। उन्होंने मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते हुए निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार मतदान प्रक्रिया को सम्पन्न कराया।
सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। मतदान के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी पूरी तरह सतर्क रहे।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने निर्वाचन कार्य में लगे समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सुरक्षाकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सम्पन्न कराने में सहयोग देने वाले मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।
————————————








