कासगंज में जमीन की पैमाइश को लेकर विवाद, 40 बीघा सरसों की फसल नष्ट करने का आरोप

  • राजेन्द्र सिंह कादरगंज

कासगंज। जनपद के सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के गढ़ौरा गांव में जमीन की पैमाइश को लेकर विवाद सामने आया है। किसानों ने करीब 40 बीघा खेत में खड़ी सरसों की फसल को ट्रैक्टर से नष्ट करने और विरोध करने पर रिवॉल्वर दिखाकर धमकाने का आरोप लगाया है। पीड़ितों ने पुलिस चौकी में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

मामले में रहिशपाल पुत्र बाबूराम और श्याम सिंह पुत्र बच्चू सिंह ने शिकायत की है। उनका कहना है कि पिछले वर्ष लेखपाल द्वारा उनके खेत की पैमाइश की गई थी। इसके बाद उन्होंने संबंधित जमीन पर गेहूं की बुवाई की थी। गंगा नदी के कटान के कारण जमीन की स्थिति में बदलाव होने पर उन्होंने अपने दावे वाली भूमि पर दोबारा सरसों की फसल बोई थी।

आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने ट्रैक्टर चलाकर खेत में खड़ी सरसों की फसल नष्ट कर दी। विरोध करने पर रिवॉल्वर दिखाकर धमकाने की भी शिकायत की गई है। पीड़ितों ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

बताया गया है कि सुल्तानपुर गांव के लोगों की जमीन गढ़ौरा, सुंदरायण और आसपास के क्षेत्रों में स्थित है। यह इलाका कासगंज और बदायूं जनपदों की सीमा के पास पड़ता है। जमीन की स्थिति और पैमाइश को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है।

फिलहाल, मामले में शिकायत के आधार पर पुलिस की कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें