गंजडुंडवारा में जनगणना 2027 की तैयारी तेज, 50 प्रगणक और 7 पर्यवेक्षक हुए प्रशिक्षित

राजेन्द्र सिंह कासगंज

गंजडुंडवारा (कासगंज)। आगामी जनगणना 2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद गंजडुंडवारा के सभागार में 26 से 28 अक्टूबर तक तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 50 प्रगणकों और 7 पर्यवेक्षकों को जनगणना से संबंधित आवश्यक जानकारियां दी गईं।

एसडीएम एवं अधिशासी अधिकारी मुहम्मद नासिर के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण में फील्ड ट्रेनर संजय यादव और शिव कुमार ने जनगणना की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। उन्होंने पात्र व्यक्तियों की गणना, मकानों की सूची तैयार करने, बेघर लोगों की गिनती, जाति, आर्थिक स्थिति, मातृभाषा, दिव्यांगता, साक्षरता और प्रजनन दर से संबंधित जानकारी जुटाने के तरीके बताए। साथ ही, दोहरी गणना से बचने और लोगों की व्यक्तिगत जानकारियों को गोपनीय रखने पर भी जोर दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान स्व-गणना की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई, जिसके तहत नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, स्व-गणना की प्रक्रिया 16 से 30 नवंबर 2026 तक चलेगी, जबकि जनगणना का दूसरा चरण 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रस्तावित है। प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति का विवरण सही तरीके से दर्ज किया जाए, कोई भी व्यक्ति गणना से छूटे नहीं और किसी की दोबारा गिनती न हो।

जिला जनगणना सेल कासगंज की ओर से आयोजित यह प्रशिक्षण जिला जनगणना अधिकारी आलोक कुमार गुप्ता और जिलाधिकारी प्रणय सिंह के निर्देशों के क्रम में संपन्न हुआ।

Leave a Comment

और पढ़ें