राजेन्द्र सिंह कासगंज. य
कासगंज, 26 अक्टूबर 2026। जनपद कासगंज के कादरगंज घाट पर सोमवार को गंगा नदी में एक लाख मत्स्य बीजों का संचय किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य गंगा की मत्स्य संपदा का संरक्षण करने के साथ जलीय जैव विविधता को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि गंगा नदी की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जलीय जीवों की सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मत्स्य बीजों के संचय से प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों में वृद्धि होगी और भविष्य में स्थानीय मछुआरा समुदाय की आजीविका को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने एक मोटराइज्ड आइस बॉक्स का भी वितरण किया। अधिकारियों ने लोगों से गंगा को स्वच्छ रखने और जलीय जीवों के संरक्षण में सहयोग करने की अपील की।
इस मौके पर सहायक निदेशक मत्स्य प्रकाश चंद्र, मत्स्य निरीक्षक मोहम्मद आरिफ सहित संबंधित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।







