मऊ: मोबाइल रिचार्ज के लिए रुपये न मिलने पर 14 वर्षीय छात्र ने फंदा लगाकर दी जान

मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। शहर कोतवाली क्षेत्र के रघुनाथपुरा मोहल्ले में रहने वाले 14 वर्षीय छात्र ने कथित तौर पर मोबाइल रिचार्ज के लिए रुपये न मिलने पर फंदा लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि वह मोबाइल पर ऑनलाइन गेम, खासकर फ्री फायर, खेलने का आदी था। उसकी इसी आदत से परेशान होकर मां ने मोबाइल का रिचार्ज कराना बंद कर दिया था।

मृतक की पहचान जमशेद आलम उर्फ नावेद (14 वर्ष) के रूप में हुई है। वह छठी कक्षा का छात्र था और अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसके पिता परवेज अहमद करीब चार वर्ष पहले रोज़गार के लिए दुबई चले गए थे। घर पर उसकी मां फरजाना खातून के साथ वह रहता था।

परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह से ही नावेद मोबाइल रिचार्ज कराने के लिए रुपये मांग रहा था। उसने दिनभर खाना भी नहीं खाया। शाम करीब चार बजे उसने दोबारा रुपये मांगे, लेकिन मां ने रिचार्ज कराने से इनकार कर दिया। इससे नाराज़ होकर वह घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में चला गया और अंदर से दरवाज़ा बंद कर लिया।

काफी देर तक जब वह नीचे नहीं आया तो उसकी मां उसे देखने ऊपर पहुंचीं। कई बार आवाज़ देने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने रोशनदान से देखा तो बेटा फंदे से लटका हुआ था। यह दृश्य देखकर मां की चीख निकल गई और परिवार में अफरा-तफरी मच गई।

शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। कमरे का दरवाज़ा तोड़कर नावेद को नीचे उतारा गया और तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शाम करीब छह बजे पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर नगर पालिका अध्यक्ष अरशद जमाल भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।

नगर कोतवाल प्रमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के पीछे और कोई कारण तो नहीं था।

Leave a Comment

और पढ़ें