रसड़ा (बलिया) से बसपा विधायक उमाशंकर का निधन, कैंसर और ब्रेन ट्यूमर से लंबे समय से थे पीड़ित

बलिया। उत्तर प्रदेश के रसड़ा विधानसभा क्षेत्र (जनपद बलिया) से निर्वाचित बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक उमाशंकर का गुरुवार रात करीब 8:30 बजे निधन हो गया। वह लंबे समय से कैंसर और ब्रेन ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे और उनका लगातार इलाज चल रहा था।

उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उमाशंकर अपने सरल स्वभाव, जनता के बीच सक्रिय उपस्थिति और क्षेत्रीय समस्याओं को मजबूती से उठाने के लिए जाने जाते थे।

बीमारी के बावजूद उन्होंने लंबे समय तक जनता की सेवा का प्रयास जारी रखा। उनके निधन को बसपा के लिए बड़ी राजनीतिक और व्यक्तिगत क्षति माना जा रहा है। उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए लोगों का पहुंचना शुरू हो गया है।

रसड़ा विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने अपने जनप्रतिनिधि को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

Leave a Comment

और पढ़ें