नई दिल्ली/लखनऊ, 24 सितंबर 2026।
आरक्षण और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को लेकर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) द्वारा दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने के बाद गुरुवार को पार्टी ने देशभर में जिला स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने पहले ही 24 सितंबर को जिला मुख्यालयों पर आंदोलन करने का आह्वान किया था।
इसी क्रम में अलग-अलग जिलों में आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के कार्यकर्ता जिला मुख्यालयों और कलेक्ट्रेट पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने आरक्षण, सामाजिक न्याय, समान अवसर और वंचित वर्गों के प्रतिनिधित्व से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के बाद कई जिलों में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी अथवा प्रशासनिक अधिकारियों को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा और उसे राष्ट्रपति तक पहुंचाने का आग्रह किया। गाजियाबाद में कार्यकर्ताओं ने 24 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा, जिसमें एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के लिए प्रभावी आरक्षण, खाली और बैकलॉग पदों को भरने, महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण तथा ओबीसी को राजनीतिक प्रतिनिधित्व जैसी मांगें शामिल थीं
मुजफ्फरनगर में भी आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। रिपोर्ट के अनुसार, यहां 24 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन किया गया।
वहीं रुद्रपुर में भी कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन कर आरक्षण और वंचित वर्गों की भागीदारी समेत विभिन्न मांगें उठाईं। ज्ञापन में एससी, एसटी, ओबीसी और महिलाओं को शिक्षा, रोजगार, राजनीति तथा प्रशासन में उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग की गई।।









