कासगंज: जिले की पटियाली तहसील में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। पटियाली के एसडीएम अतिश कुमार सिंह को पद से हटा दिया गया है। उन्हें अब जिला मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि पटियाली में सरकारी जमीन पर बिना उचित प्रक्रिया के बुलडोजर चलाने और भाजपा मंडल अध्यक्ष के मकान को ध्वस्त किए जाने की शिकायत शासन स्तर तक पहुंची थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रशासनिक कार्रवाई की गई।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए अतिश कुमार सिंह को पटियाली एसडीएम पद से हटाकर जिला मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है।
वहीं, उनकी जगह सहावर के एसडीएम सुशांत सांवरे को पटियाली तहसील का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है।
इस कार्रवाई के बाद पटियाली क्षेत्र में प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि शिकायतों और पूरे मामले की आगे भी समीक्षा की जा सकती है।









