दिलबर हुसैन गुवाहाटी
गुवाहाटी से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। हाटीगांव इलाके में 25 वर्षीय महिला रिया तालुकदार गोस्वामी की कथित तौर पर उसके पति ने हत्या कर दी। पुलिस को महिला का शव घर के अंदर मिला, जबकि उसका सिर एक पॉलिथीन बैग में लपेटकर फ्रिज के अंदर रखा हुआ था। घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक रिया और उसके पति रामानुज गोस्वामी की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी। दोनों गुवाहाटी के एक फ्लैट में रहते थे। परिवार के लोगों का पिछले करीब दो दिनों से दोनों से संपर्क नहीं हो पा रहा था। इसी बीच फ्लैट से दुर्गंध आने की सूचना पुलिस तक पहुंची।
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो घर के अंदर रिया का शव बरामद हुआ। तलाशी के दौरान उसका कटा हुआ सिर फ्रिज के अंदर पॉलिथीन में रखा मिला। पुलिस ने घटनास्थल से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस मामले में रिया के पति रामानुज गोस्वामी को मुख्य आरोपी बताया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने थाने में सरेंडर किया और हत्या की बात स्वीकार की। शुरुआती पूछताछ में उसने दावा किया कि पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था और गुस्से में आकर उसने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस उसके दावों की जांच कर रही है और हत्या के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए पूछताछ जारी है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर इस खौफनाक वारदात के पीछे क्या वजह थी और हत्या की पूरी घटना किस तरह हुई। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









