प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और कौशांबी जिले की सीमा पर सोमवार दोपहर एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो बच्चों समेत 7 लोगों की मौत होने की बात सामने आई है, जबकि करीब 22 लोग झुलसकर घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, हादसा कौशांबी जिले के मोहम्मदपुर गांव में दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हुआ। यह इलाका प्रयागराज बॉर्डर के पास है और एयरफोर्स स्टेशन भी यहां से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर बताया गया है।
विस्फोट इतना तेज था कि इसकी आवाज आसपास के करीब दो किलोमीटर क्षेत्र तक सुनाई दी। धमाके के बाद फैक्ट्री में रखे पटाखों में लगातार विस्फोट होते रहे और कुछ ही देर में पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया। फैक्ट्री पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि आसपास के कई मकानों को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है।
हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 20 मजदूर काम कर रहे थे। धमाके के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की। कई घायल लोगों को चारपाई और अन्य साधनों से इलाज के लिए ले जाते हुए देखा गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एयरफोर्स, NDRF और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। मलबा हटाने के लिए बुलडोजर लगाए गए हैं। अधिकारियों को आशंका है कि मलबे के नीचे कुछ लोग दबे हो सकते हैं, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, विस्फोट से आसपास के मकानों की दीवारों और छतों को भी नुकसान पहुंचा है। एक मकान की ऊपरी मंजिल में बड़ा छेद होने की बात भी सामने आई है।
फिलहाल राहत-बचाव कार्य जारी है और प्रशासन की टीमें पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हैं। विस्फोट की वास्तविक वजह क्या थी और फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं, इसकी जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।









