कासगंज। काली नदी में रविवार दोपहर नहाने गए 31 वर्षीय युवक के गहरे पानी में डूबने से हड़कंप मच गया। युवक की पहचान रिंकू उर्फ पवन, पुत्र अंगूरी सिंह, निवासी पवसरा गांव के रूप में बताई गई है।
जानकारी के मुताबिक, रिंकू अपने गांव के ही एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए काली नदी के पास पहुंचा था। गर्मी अधिक होने के कारण दोपहर करीब 2 बजे वह नदी में नहाने के लिए उतर गया। बताया गया कि वह कुछ दूरी तक तैरता रहा, लेकिन अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने युवक को खोजने का प्रयास किया। सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद कोतवाली कासगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तलाश शुरू कराई और बाद में पीएसी की फ्लड यूनिट को भी बुलाया गया।
नदी में जारी है तलाश
पीएसी फ्लड यूनिट की टीम नदी में उतरकर युवक की तलाश कर रही है। घटनास्थल पर ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस की मौजूदगी में बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
टपरिजनों और ग्रामीणों में युवक के डूबने की खबर से चिंता का माहौल है। फिलहाल पुलिस और बचाव दल की ओर से नदी में रिंकू उर्फ पवन की तलाश जारी है।









