कासगंज। अमांपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह टेंपो और मैक्स पिकअप की भिड़ंत में चार शिक्षिकाएं घायल हो गईं। हादसा ग्राम थरा-चीतरा के पास उस समय हुआ, जब सभी शिक्षिकाएं कासगंज से वीआरसी फरौली में प्रशिक्षण के लिए टेंपो से जा रही थीं। टक्कर के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा
बताया गया कि सड़क पर आगे चल रही मैक्स पिकअप के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इसी दौरान पीछे से आ रहा टेंपो चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टेंपो पिकअप से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो में सवार चारों शिक्षिकाएं घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
चारों शिक्षिकाओं की हुई पहचान
घायल शिक्षिकाओं की पहचान प्राथमिक विद्यालय भानपुरा की 34 वर्षीय प्रीति पत्नी अजीत कुमार, 32 वर्षीय प्रतिभा पत्नी कृष्ण मुरारी, प्राथमिक विद्यालय रायो की 36 वर्षीय अर्चना पत्नी बंटी सिंह और प्राथमिक विद्यालय शेखपुरा नरई की 30 वर्षीय भाव्या के रूप में हुई है। चारों शिक्षिकाएं फरौली में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं।
सीएचसी से जिला अस्पताल किया रेफर
हादसे के तुरंत बाद चारों घायल शिक्षिकाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सहावर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए सभी को जिला अस्पताल कासगंज रेफर कर दिया गया। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में घायल शिक्षिकाओं का उपचार किया जा रहा है।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों और दोनों वाहनों के चालकों की भूमिका की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पिकअप चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने के बाद टेंपो के पीछे से टकराने की वजह से हादसा हुआ। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर
रही है।









