उमाशंकर के निधन पर भावुक मायाबती”सबसे वफादार रहे, मुश्किल दौर में भी नहीं छोड़ा साथ

लखनऊ/बलिया। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक उमाशंकर सिंह के निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि देने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं का पहुंचना जारी रहा। राजधानी लखनऊ स्थित उनके आवास पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, बसपा प्रमुख मायावती सहित कई नेताओं ने श्रद्धासुमन अर्पित कर शोक व्यक्त किया। इसके बाद पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक निवास बलिया जिले के रसड़ा क्षेत्र ले जाया गया, जहां बड़ी संख्या में समर्थकों और स्थानीय लोगों ने अंतिम दर्शन किए।

मायावती ने उमाशंकर सिंह के निधन को पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि उमाशंकर सिंह ने लंबे समय तक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन की सेवा की। कठिन राजनीतिक परिस्थितियों में भी उन्होंने पार्टी का साथ नहीं छोड़ा और हमेशा अनुशासित कार्यकर्ता की तरह अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।

उन्होंने कहा कि उमाशंकर सिंह का व्यवहार बेहद सरल और मिलनसार था। पार्टी के प्रति उनकी ईमानदारी और समर्पण उन्हें अन्य नेताओं से अलग पहचान दिलाता था। वे कार्यकर्ताओं के बीच भी काफी लोकप्रिय थे और संगठन को मजबूत बनाने में लगातार सक्रिय रहे।

मायावती ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा संगठन उनके साथ खड़ा है। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया और दिवंगत नेता के योगदान को लंबे समय तक याद किए जाने की बात कही।

उमाशंकर सिंह के निधन पर विभिन्न दलों के नेताओं ने भी गहरा शोक व्यक्त किया और उनके सार्वजनिक जीवन, सादगी तथा जनसेवा की भावना को याद किया। अंतिम दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में समर्थकों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और नम आंखों से अंतिम विदाई दी।

Leave a Comment

और पढ़ें