राजेन्द्र सिंह कादरगंज
कासगंज, 06 अक्टूबर 2026 (सू0वि0)। जनपद कासगंज में मुख्यमंत्री द्वारा नामित नोडल अधिकारियों द्वारा आकांक्षात्मक विकास खण्डों में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन, निर्धारित लक्ष्यों एवं उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री द्वारा नामित नोडल अधिकारी रवीन्द्र सिंह, विशेष सचिव, ऊर्जा विभाग एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा विकास खण्ड अमांपुर की ग्राम पंचायत फिरोजपुर सानी में चिकित्सा स्वास्थ्य केन्द्र, सीएचसी/वीपीएचसी, आंगनबाड़ी केन्द्र एवं प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके उपरांत विकास खण्ड अमांपुर में आकांक्षात्मक 50 इंडीकेटर्स की प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष की गई प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री द्वारा नामित नोडल अधिकारी प्रेमरंजन सिंह, अपर राज्य परियोजना निदेशक, सर्व शिक्षा अभियान, उत्तर प्रदेश द्वारा ग्राम पंचायत गोरा में ग्राम सचिवालय, कम्पोजिट स्कूल, स्वास्थ्य केन्द्र, आंगनबाड़ी केन्द्र तथा जल निगम की योजना का निरीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की वर्तमान स्थिति एवं आमजन को मिल रहे लाभ की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद विकास खण्ड सोरों के सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
दोनों नोडल अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आकांक्षात्मक ब्लॉकों में संचालित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचना चाहिए। निरीक्षण एवं समीक्षा के दौरान सामने आई कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने तथा विभागीय समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।









