मंडलायुक्त ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का स्टीमर से किया निरीक्षण, स्थिति का लिया जायजा।* *बाढ़ प्रभावित लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की ली जानकारी।* *प्रभावित क्षेत्रों में डॉक्टरों की टीम लगाकर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश।* *बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में टीकाकरण अभियान चलाकर शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने पर दिया जोर।* *साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा राहत एवं बचाव कार्यों में शिथिलता न बरतने के निर्देश।* *बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी ने राहत सामग्री का किया वितरण।* *प्रेमादेवी करनसिंह इंटर कॉलेज गढ़िया मजरा सनोड़ी में प्रभावित लोगों को मिली राहत सामग्री।*

  1. राजेन्द्र सिंह.

कासगंज, 12 सितंबर 2026 (सू0वि0)। मंडलायुक्त अलीगढ़ मंडल, अलीगढ़ ओ0पी0 आर्या ने जिलाधिकारी प्रणय सिंह, पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी दिग्विजय प्रताप सिंह सहित संबंधित अधिकारियों के साथ तहसील पटियाली अंतर्गत बाढ़ प्रभावित ग्राम नगला नैनसुख एवं नगला जयकिशन का स्टीमर द्वारा निरीक्षण कर बाढ़ की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया।

मंडलायुक्त ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनका हाल जाना तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।

मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से बाढ़ की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रभावित लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में डॉक्टरों की टीम लगाकर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा टीकाकरण अभियान चलाकर लोगों का टीकाकरण कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, नियमित रूप से स्वच्छता एवं आवश्यक कार्रवाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसका प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

मंडलायुक्त ने बताया कि वर्तमान में बाढ़ की स्थिति नियंत्रण में है। कुछ स्थानों पर कटान की स्थिति उत्पन्न हुई थी, जिस पर सिंचाई एवं बाढ़ खंड द्वारा आवश्यक कार्रवाई की गई है। उन्होंने राहत सामग्री वितरण, बाढ़ चौकियों व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली तथा इन्हें आवश्यकता के अनुसार तैयार रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और संबंधित अधिकारी क्षेत्र में लगातार निगरानी करते रहें।

मंडलायुक्त अलीगढ़ मंडल, अलीगढ़ ओ0पी0 आर्या, जिलाधिकारी प्रणय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने प्रेमादेवी करनसिंह इंटर कॉलेज, गढ़िया मजरा सनोड़ी में बनाए गए बाढ़ राहत कैंप में पहुंचकर प्रभावित लोगों का हाल जाना तथा उन्हें राहत सामग्री वितरित की।

मंडलायुक्त, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने राहत कैंप में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से प्रभावित लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं।

 

⊃

निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अरुण कुमार,अपर जिलाधिकारी दिग्विजय प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी सुशांत सावरे , मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, सिंचाई विभाग के अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें