नगला जयकिशन की चार साल से टूटी पुलिया नहीं बनी, हंसी नगला से राजेपुर कुर्रा तक बांध का निर्माण हो: अब्दुल हफीज गांधी*

 

पटियाली, 12 सितंबर 2026

 

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने आज पटियाली विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को जाना। इस दौरान नगला जयकिशन सहित आसपास के करीब दो दर्जन गांवों में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया गया। ग्रामीणों ने नगला जयकिशन की पिछले करीब चार वर्षों से टूटी पड़ी पुलिया का निर्माण तत्काल कराने की मांग की।

अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि नगला जयकिशन की पुलिया पिछले चार वर्षों से टूटी हुई है, लेकिन आज तक उसका निर्माण नहीं कराया गया। वर्तमान में दोबारा बाढ़ आने के कारण इस पुलिया से लगातार पानी निकल रहा है और आसपास के गांवों का संपर्क एवं आवागमन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के लोगों की खेती बर्बाद हो रही है और ग्रामीणों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। सरकार को तत्काल सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को फसलों का उचित मुआवजा देना चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि इस पूरे क्षेत्र की सबसे बड़ी और स्थायी समस्या हंसी नगला से राजेपुर कुर्रा तक बांध का निर्माण है। पिछले वर्ष जल संसाधन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के क्षेत्र में आने के दौरान बांध निर्माण का आश्वासन दिया गया था, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बावजूद इस दिशा में कोई ठोस काम नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष बाढ़ आने पर ग्रामीणों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है, इसलिए स्थायी समाधान के लिए बांध का निर्माण तत्काल शुरू किया जाना चाहिए।

 

अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि नगला जयकिशन के अलावा नरपत नगला और मूंजखेड़ा की टूटी पुलियाओं का भी निर्माण कराया जाना जरूरी है। बाढ़ के कारण क्षेत्र की कई सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इन सड़कों की तत्काल मरम्मत के साथ-साथ जहां सड़कें पूरी तरह टूट गई हैं, वहां उनका पुनर्निर्माण कराया जाए।

 

उन्होंने कहा कि बाढ़ के बाद गांवों में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन को गांवों में तत्काल फॉगिंग कराने, दवाओं का छिड़काव करने तथा आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था करनी चाहिए।

 

अब्दुल हफीज गांधी ने कहा, “इस क्षेत्र के लोग लंबे समय से उपेक्षा का सामना कर रहे हैं। बाढ़ हर वर्ष आती है, फसलें बर्बाद होती हैं, सड़कें और पुलिया टूटती हैं, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में पर्याप्त काम नहीं होता। ग्रामीणों की समस्याओं को केवल बाढ़ के समय याद करने के बजाय पूरे वर्ष उनकी समस्याओं पर काम करने की जरूरत है।”

 

उन्होंने कहा कि प्रशासन को बाढ़ प्रभावित गांवों का गंभीरता से सर्वे कराकर किसानों और ग्रामीणों को राहत उपलब्ध करानी चाहिए तथा जिन जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की जिम्मेदारी है, उन्हें प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुननी चाहिए।

 

इस दौरान जगबीर सिंह प्रधान, रविंद्र सिंह, पप्पू, प्रदीप, सत्यवीर, देवराज, आलम सिंह, सतपाल सिंह, राजवीर, राय सिंह, सुधीश, उदयवीर सिंह, एजेंट सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने नगला जयकिशन की टूटी पुलिया के तत्काल निर्माण तथा बाढ़ से उत्पन्न समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की।

Leave a Comment

और पढ़ें