- राजेन्द्र सिंह
कासगंज में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से पटियाली विधानसभा क्षेत्र के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। शनिवार को कमिश्नर ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने मुझखेड़ा, नगला नरपति और नरदौली समेत आसपास के गांवों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया और बाढ़ के हालात देखे।
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने गांवों में पानी भरने, आने-जाने की दिक्कत और ग्रामीणों की समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों से राहत और बचाव कार्यों के बारे में पूछा। साथ ही प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद देने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी प्रणय सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह और जिला पूर्ति अधिकारी समेत कई अन्य अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने कमिश्नर को बाढ़ प्रभावित इलाकों में प्रशासन की तरफ से किए जा रहे राहत कार्यों की जानकारी दी।
कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित इलाकों पर लगातार नजर रखी जाए। ग्रामीणों को जरूरी सुविधाएं देने में कोई लापरवाही न हो। उन्होंने खाने-पीने का सामान, पीने का पानी, स्वास्थ्य सुविधाओं और दूसरी जरूरी व्यवस्थाओं पर खास ध्यान देने को कहा।









