अमित यादव.
कासगंज। कासगंज जिले के गंजडुंडवारा कोतवाली क्षेत्र के तहत आने वाले गडका गांव के समीप सड़क किनारे एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की शिनाख्त राम छितौनी गांव के निवासी विजेंद्र सिंह (पुत्र रणवीर सिंह) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, विजेंद्र किसी आवश्यक काम से अपनी बाइक द्वारा गडका गांव गए हुए थे। पुलिस द्वारा गडका गांव के पास सड़क किनारे शव पड़े होने की खबर मिलने के बाद परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे।
गंजडुंडवारा कोतवाली प्रभारी के अनुसार, शुरुआती छानबीन में मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के सही व स्पष्ट कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।









