बेटी ने प्रेमी संग मिलकर पिता को हसिया से काट डाला,लाश को झाङियों मे फेंका।

  • जिले के छावनी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, रमापुर गांव निवासी करीब 50 वर्षीय कृष्णा की हत्या का आरोप उनकी बेटी और उसके प्रेमी पर लगाया गया है। घटना के बाद शव को नहर के किनारे झाड़ियों में फेंक दिया गया था।

जानकारी के मुताबिक, कृष्णा मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार में उनकी दो बेटियां थीं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि 17 वर्षीय बेटी उनके साथ रहती थी। उसकी मां की मृत्यु उसके जन्म के बाद ही हो गई थी।

कृष्णा के भाई काशीराम ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे कृष्णा की बेटी मवेशियों को चराने के लिए घर से निकली थी। दोपहर तक जब वह वापस नहीं लौटी तो कृष्णा उसे तलाशने के लिए घर से निकल पड़े।

बताया गया कि तलाश के दौरान कृष्णा ने अपनी बेटी को खेतों की तरफ एक युवक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। युवक की पहचान बभरोली गांव निवासी 21 वर्षीय लक्ष्मण के रूप में बताई गई है। पिता ने बेटी और युवक को डांटा तथा इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर कृष्णा और लक्ष्मण के बीच विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि इसी दौरान लक्ष्मण ने कृष्णा को पकड़ लिया। इसके बाद बेटी और उसके प्रेमी ने कथित तौर पर मिलकर उन पर हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, कृष्णा की गर्दन, सीने और चेहरे पर कई बार वार किए गए, जिससे उनकी मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को वहां से हटाकर नहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों के अनुसार, कृष्णा की बेटी और लक्ष्मण के बीच पिछले करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि लक्ष्मण शटरिंग का काम करता है और किशोरी उससे मिलने के लिए मवेशी चराने तथा घास काटने के बहाने जाया करती थी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आरोपों की जांच कर रही है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह, घटना में शामिल लोगों की भूमिका और अन्य परिस्थितियों को लेकर पुलिस साक्ष्य जुटा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें