लखनऊ में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, हमले के बाद भारी पुलिस बल के बीच अवैध डेयरियों पर चला अभियान

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के पारा इलाके में नगर निगम की टीम पर हुए हमले के बाद प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। मंगलवार को नगर निगम की कैटल कैचर टीम पुलिस और PAC के जवानों के साथ इलाके में पहुंची और अवैध रूप से संचालित डेयरियों के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चलाया।

कार्रवाई के दौरान पारा, दुबग्गा और काकोरी थानों की पुलिस के साथ PAC की एक कंपनी भी तैनात रही। सुरक्षा को देखते हुए जवान हेलमेट और बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर अभियान में शामिल हुए। अधिकारियों की मौजूदगी में टीम ने कई मोहल्लों में पहुंचकर बड़ी संख्या में भैंसों को पकड़ा।

नगर निगम के मुताबिक अभियान के दौरान चार मोहल्लों से करीब 200 भैंसें पकड़ी गईं। पकड़े गए पशुओं को नगर निगम की निर्धारित व्यवस्था के तहत भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि आवासीय क्षेत्रों में अवैध डेयरियों के कारण गंदगी, सीवर और जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याएं पैदा हो रही हैं, इसलिए कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

यह सख्ती उस घटना के बाद बढ़ाई गई है, जब रविवार को नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी। आरोप है कि उस दौरान टीम का विरोध करते हुए कुछ लोगों ने पथराव और मारपीट की। एक दरोगा पर लोहे की चेन से हमला किए जाने की बात भी सामने आई, जिसमें वह घायल हुए। नगर निगम के कुछ कर्मचारियों को भी चोटें आईं और सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।

घटना के बाद पुलिस ने नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस के अनुसार मामले में कुल 24 लोगों को आरोपी बनाया गया है और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।

कार्रवाई के दौरान लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार भी मौके पर पहुंचे। मेयर ने पुलिस और नगर निगम की टीम पर हमले को गंभीर बताते हुए कहा कि सरकारी टीमों के काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा एगी।

Leave a Comment

और पढ़ें