सेवा संकल्प अभियान के तहत 05 से 09 अक्टूबर तक विकास खण्डों एवं नगरीय निकायों में लगेंगेप 5 दिवसीय शिविर।*

लाभार्थीपरक योजनाओं से पात्र आवेदकों को लाभान्वित करने के लिए त्वरित कार्यवाही के निर्देश।*

 

*स्वास्थ्य शिविर, आंगन मिलन, नुक्कड़ नाटक, रंगोली, ग्राम चौपाल सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे आयोजित।*

 

कासगंज, 01 अक्टूबर 2026 (सू0वि0)। जिलाधिकारी प्रणय सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित कार्यक्रमों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि 05 अक्टूबर से 09 अक्टूबर 2026 तक प्रत्येक विकास खण्ड एवं नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत में 5 दिवसीय शिविरों का आयोजन किया जाएगा। शिविरों में समस्त प्रकार की लाभार्थीपरक योजनाओं से संबंधित विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे। पात्र आवेदकों से आवेदन प्राप्त कर उन्हें योजनाओं से लाभान्वित किए जाने हेतु त्वरित कार्यवाही की जाएगी। इसके अतिरिक्त समस्त विकास खण्डों एवं स्थानीय निकायों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर/मेलों का आयोजन भी किया जाएगा।

03, 05 एवं 06 अक्टूबर को बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा विकास खण्ड सिढ़पुरा, सहावर एवं पटियाली में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 07 अक्टूबर को समस्त विकास खण्डों के प्रत्येक आंगनबाड़ी केन्द्र पर हेल्दी बेबी प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसी दिन गांधी चौक, रेलवे रोड पर सेवा ज्योति कलश यात्रा तथा प्रत्येक विकास खण्ड में चिन्हित स्थान एवं जनपद स्तर पर बारह पत्थर पार्क में रंगोली कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा 03 अक्टूबर को विधानसभा कासगंज, 06 अक्टूबर को विधानसभा अमांपुर तथा 05, 06 एवं 07 अक्टूबर को विधानसभा पटियाली में नुक्कड़ नाटक का मंचन कराया जाएगा। पर्यटन विभाग द्वारा 08 अक्टूबर को विधानसभा पटियाली तथा 12, 13 एवं 14 अक्टूबर को विधानसभा अमांपुर में नुक्कड़ नाटक का मंचन कराया जाएगा।

बैठक में बताया गया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत श्रमदान, स्वच्छता आदि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी अवधि में ‘सेवा की कहानी’ के अंतर्गत समस्त विभागों द्वारा लाभार्थीपरक योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों की रील बनवाकर माई भारत पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। रोस्टर के अनुसार ग्रामों में ग्राम चौपालों का आयोजन भी किया जाएगा। 17 अक्टूबर को जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में सुशासन सेवा संवाद

कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

अन्य विशेष कार्यक्रमों के अंतर्गत शासन से निर्धारित तिथि पर हरि की पौड़ी, सोरों में लेजर शो का आयोजन किया जाएगा। 11 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक जनपद में चिन्हित सीता माता मंदिर, वासुदेव मंदिर एवं बटुकनाथ मंदिर पर विशेष अनुष्ठान एवं महायज्ञ का आयोजन होगा। शासन द्वारा निर्धारित तिथियों 07, 08 एवं 09 अक्टूबर को ग्राम पंचायतों/नगर निकायों में पुस्तकालयों का लोकार्पण किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित कार्यक्रमों की तैयारियां समय से पूर्ण कराते हुए सभी गतिविधियों का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करें तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

Leave a Comment

और पढ़ें