कासगंज। जिले के सोरों कोतवाली क्षेत्र की नगरिया पुलिस चौकी पर रविवार शाम उस समय हंगामा हो गया, जब भीम आर्मी के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग चौकी पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए चौकी का घेराव किया और एक युवती के साथ कथित मारपीट के मामले में कार्रवाई की मांग उठाई।
बताया गया कि मानपुर नगरिया निवासी एक व्यक्ति की 14 वर्षीय बेटी 22 जुलाई से लापता है। परिजनों ने मामले में पुलिस से शिकायत की थी। चौकी प्रभारी के अनुसार, लापता किशोरी के बारे में जानकारी जुटाने के लिए उसकी सहेली को रविवार को पुलिस चौकी बुलाया गया था। सहेली अपने परिजनों के साथ चौकी पहुंची।
इसी दौरान चौकी आते समय रास्ते में लापता किशोरी की सहेली के परिजनों और किशोरी के पिता के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मारपीट में शामिल आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
वहीं, सहेली के परिजनों ने नगरिया चौकी प्रभारी आशीष राय पर युवती के साथ मारपीट और अभद्रता करने का आरोप लगाया। घायल युवती को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए सोरों के सरकारी अस्पताल ले जाया गया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद भीम आर्मी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता नगरिया पुलिस चौकी पहुंच गए। देखते ही देखते चौकी के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चौकी का घेराव किया और पूरे मामले में निष्पक्ष जांच तथा दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।
![]()
प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया। फिलहाल मामला दोनों पक्षों के आरोपों और पुलिस कार्रवाई के बीच जांच का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद तथ्य सामने आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया। फिलहाल मामला दोनों पक्षों के आरोपों और पुलिस कार्रवाई के बीच जांच का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद तथ्य सामने आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








