- नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बीच बॉलीवुड अभिनेता और समाजसेवी सोनू सूद मदद के लिए खुद मैदान में उतर गए हैं। सोनू सूद अपनी टीम के साथ नेपाल पहुंचे और बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।
सोनू सूद नुवाकोट समेत प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे, जहां उन्होंने बाढ़ में अपना घर और सामान गंवा चुके लोगों का दर्द सुना। इस दौरान उन्होंने बच्चों और परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
सोनू सूद की टीम भारत से राहत सामग्री लेकर नेपाल पहुंची है। जरूरतमंदों के लिए भोजन, कंबल और दूसरी जरूरी चीजें उपलब्ध कराई जा रही हैं। सोनू सूद का कहना है कि उनका उद्देश्य सिर्फ तत्काल राहत पहुंचाना नहीं, बल्कि बाढ़ से उजड़ चुकी जिंदगी को दोबारा पटरी पर लाने में मदद करना है।
त्रिशूली नदी के किनारे बाढ़ की तबाही देखने के बाद सोनू सूद ने कहा कि उन्होंने टूटे हुए घर, बिखरे परिवार और बदली हुई जिंदगियां देखी हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नेपाल के लोगों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और आने वाले महीनों में भी राहत का सिलसिला जारी रखने की कोशिश की जाएगी।
सोनू सूद का यह कदम ऐसे समय में सामने आया है, जब नेपाल में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। उनकी टीम प्रभावित परिवारों की जरूरतों की जानकारी जुटाकर भोजन, चिकित्सा सहायता और आश्रय जैसी जरूरी मदद पहुंचाने में जुटी है।
मुश्किल की इस घड़ी में सोनू सूद का नेपाल पहुंचकर पीड़ितों के बीच खड़ा होना लोगों के लिए उम्मीद और भरोसे का संदेश बनकर सामने आया है।









