कानपुर। शहर के बर्रा-7 क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। प्रेम विवाह करने वाले एक युवक और युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तीसरी मंजिल पर किराये के कमरे में युवती का शव फर्श पर पड़ा मिला, जबकि युवक का शव पंखे से लटका हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
रोशनदान से दिखा शव
मकान मालिक ज्ञान सिंह ने बताया कि उनके मकान की दूसरी मंजिल पर पिछले करीब 10 वर्षों से एक महिला अपने परिवार के साथ किराये पर रहती हैं। मंगलवार को वह छत पर कपड़े सुखाने गई थीं। इसी दौरान उन्होंने रोशनदान से तीसरी मंजिल के कमरे में युवक को पंखे से लटका देखा।
महिला ने तुरंत इसकी जानकारी मकान मालिक को दी। जब उन्होंने कमरे का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने पहुंचकर दरवाजा तोड़ा और अंदर प्रवेश किया।
कमरे में मिला भयावह दृश्य
पुलिस ने देखा कि कमरे के अंदर युवती रानी का शव चटाई पर पड़ा था। उसके गले पर दबाव के निशान थे। वहीं युवक सौरभ का शव पंखे से लटका मिला। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चार महीने पहले की थी लव मैरिज
मृतक सौरभ (23) उन्नाव जिले के संचेंडी थाना क्षेत्र के छत्तीसकला पुरवा गांव का रहने वाला था और भीमसेन क्षेत्र में सैलून चलाता था। उसका अपनी चचेरी बहन रानी (20) से करीब तीन साल से प्रेम संबंध था।
रानी के मौसा कृष्ण कुमार के अनुसार दोनों एक-दूसरे के साथ रहना चाहते थे, लेकिन परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था। इसके बावजूद करीब चार महीने पहले दोनों ने संचेंडी थाने में पंचायत के बाद प्रेम विवाह कर लिया था।
दिल्ली से लौटकर कानपुर में लिया था कमरा
शादी के बाद दोनों कुछ समय के लिए दिल्ली चले गए थे। करीब पांच दिन पहले ही वे कानपुर लौटे और बर्रा-7 स्थित एसएस ब्लॉक में एक मकान की तीसरी मंजिल पर किराये का कमरा लेकर रहने लगे थे। मकान मालिक के मुताबिक उन्होंने पांच दिन पहले ही कमरा लिया था।
परिजनों ने लगाया दबाव का आरोप
रानी के परिवार का आरोप है कि प्रेम विवाह से सौरभ का परिवार खुश नहीं था, क्योंकि दोनों रिश्ते में चचेरे भाई-बहन थे। उनका कहना है कि परिवार के लगातार दबाव के कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था और यही तनाव इस घटना की वजह बना।
फोरेंसिक जांच में मिले अहम सुराग
फोरेंसिक टीम की जांच के दौरान कमरे में सिंदूर बिखरा मिला। रानी की मांग में भी सिंदूर था, जबकि सौरभ के दाहिने हाथ पर भी सिंदूर लगा हुआ था।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस का कहना है कि युवक ने पहले पत्नी का दुपट्टे से गला दबाकर उसकी हत्या की और बाद में खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 









