कानपुर में गुरुवार रात करीब 10 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार, एक वकील के तीन मंजिला मकान की पार्किंग में चार्जिंग पर लगी ई-स्कूटी में अचानक धमाका हो गया। धमाके के बाद निकली चिंगारियों से पास में खड़ी एक सफारी कार और बुलेट मोटरसाइकिल ने भी आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और मकान की दो मंजिलों तक फैल गई। आग से उठता काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
हादसे के समय मकान की तीसरी मंजिल पर रहने वाले वकील सुधांशु सचान, उनकी पत्नी, बेटा, पिता धीरेंद्र सचान और मां सुनीता मौजूद थे। परिवार के मुताबिक, सभी लोग रात का भोजन करने के बाद सोने की तैयारी कर रहे थे। तभी घर में धुआं भरता दिखाई दिया। जब तक वे नीचे पहुंचे, आग तेजी से फैल चुकी थी। सभी ने सीढ़ियों के रास्ते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस तथा फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस हादसे में ई-स्कूटी, कार, बुलेट समेत मकान का काफी सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, समय रहते परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह चार्जिंग के दौरान ई-स्कूटी की बैटरी में हुआ विस्फोट माना जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं तथा आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा
पहै।









